The Bare Truth

'प्रेस' लिखी गाड़ी से पहुंचे पास्टर, धर्मांतरण के आरोप पर भिड़े दो पक्ष; लाठी-डंडे चले, महिला समेत कई घायल, गांव में पुलिस तैनात

09 Jun 2026  

 'प्रेस' लिखी गाड़ी से पहुंचे पास्टर, धर्मांतरण के आरोप पर भिड़े दो पक्ष; लाठी-डंडे चले, महिला समेत कई घायल, गांव में पुलिस तैनात

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में धर्मांतरण को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नारायणपुर जिले के भरंडा थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार रात धर्मांतरण के आरोपों को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक महिला समेत 2 से 3 ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम भी किया।


मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को 'प्रेस' लिखी एक संदिग्ध गाड़ी में सवार होकर एक पास्टर समेत 2-3 लोग भरंडा गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक घर में गुपचुप तरीके से धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और स्थानीय आदिवासी समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। जैसे ही इस बात की भनक अन्य ग्रामीणों को लगी, बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया।


धार्मिक आयोजन वाली जगह पर देखते ही देखते विवाद भड़क उठा। स्थानीय ग्रामीणों और धर्मांतरित समुदाय के लोगों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले, जिसमें कुछ लोग लहूलुहान हो गए। बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभाला। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था कायम करने की कोशिश की जा रही है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web